अयोध्या। कांग्रेस कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा किए गए घेराव पर कांग्रेस नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि भाजपा का यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश है। कहा कि जिस बयान को लेकर भाजपा प्रदर्शन कर रही है, उसका कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहले ही खंडन कर चुके हैं। इसके बावजूद भाजपा इस विषय को बार-बार उठाकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा को महिलाओं पर बढ़ते अपराध, महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर आवाज उठानी चाहिए, लेकिन इन विषयों पर उनकी चुप्पी साफ करती है कि भाजपा के पास असली मुद्दों का अभाव है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का इतिहास विपक्ष की महिला नेताओं के खिलाफ अपशब्दों से भरा पड़ा है। संसद से लेकर सार्वजनिक मंचों तक भाजपा नेताओं ने कई बार महिला नेताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। बावजूद इसके आज भाजपा महिला मोर्चा दूसरों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं कई बार सोनिया गांधी सहित विपक्ष की महिला नेताओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है।