Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या गुप्तार घाट के व्यवसायीकरण पर कांग्रेस का हमला, जनआंदोलन की चेतावनी

गुप्तार घाट के व्यवसायीकरण पर कांग्रेस का हमला, जनआंदोलन की चेतावनी

0

अयोध्या । महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने गुप्तार घाट पर निजी कंपनी कवच द्वारा लगाए जा रहे प्रतिबंधों और शुल्क व्यवस्था का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व वाला गुप्तार घाट सदैव से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन भाजपा सरकार की शह पर नगर निगम प्रशासन ने इसे व्यावसायिक केंद्र में बदल दिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कंपनी ने घाट पर ₹40 का अनिवार्य प्रवेश शुल्क लगा दिया है, वहीं पार्क में प्रवेश के लिए अलग से शुल्क वसूला जा रहा है। इतना ही नहीं, धार्मिक आयोजनों से पहले कंपनी से अनुमति लेने की शर्त भी थोप दी गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय नागरिकों की धार्मिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक परंपराओं पर सीधा हमला है।

सुनील कृष्ण गौतम ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने इस आदेश को वापस नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी फैज़ाबाद की जनता के साथ मिलकर उग्र जनआंदोलन छेड़ेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और प्रशासन की होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर फैज़ाबाद की जनता को उनकी ही धरोहर से बेगाना कर रही है। जिस तरह आवाम ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाया, उसी तरह आने वाले विधानसभा और नगर निगम चुनाव में भी उसका सफाया होगा।

कांग्रेस ने मांग की है कि गुप्तार घाट पर लगाया गया प्रवेश शुल्क तत्काल समाप्त किया जाए और धार्मिक आयोजनों के लिए निजी कंपनी की अनुमति लेने की बाध्यता खत्म की जाए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि जनता की आस्था और अधिकारों से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version