◆ बोल बम के जयघोष से गूंज उठा मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं को मिल रही जलपान व प्रसाद की सेवा
अम्बेडकर नगर। श्रावण मास के पावन अवसर पर संकट मोचन श्री हनुमान मंदिर, पियारेपुर में शिवभक्तों की सेवा हेतु भंडारे का शुभारंभ कर दिया गया है। सावन में कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा के लिए मंदिर न्यास और स्थानीय भक्तगण पूरी तरह जुटे हुए हैं।
हर वर्ष की भांति इस बार भी मंदिर परिसर में जलपान, शुद्ध भोजन, प्रसाद वितरण और विश्राम की व्यवस्था की गई है। मंदिर से होकर गुजरने वाले शिवभक्त ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ मंदिर में प्रवेश करते हैं और भंडारे में सेवा पाकर आभार व्यक्त करते हैं।
श्रद्धा और सेवा भाव से सराबोर दिखा माहौल
भक्तों की सेवा में जुटे आयोजकों ने बताया कि यह सेवा श्रावण मास के पूरे अवधि तक प्रतिदिन जारी रहेगी। स्थानीय श्रद्धालु और सेवकजन मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में पूरी निष्ठा से लगे हैं। मंदिर परिसर भक्ति, सेवा और संतोष के भाव से ओतप्रोत नजर आया।
सेवा कार्य में सहयोग की अपील
संकट मोचन श्री हनुमान मंदिर न्यास के अध्यक्ष संगम पाण्डेय बाबा समेत अन्य पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से सेवा कार्य में यथासंभव सहयोग की अपील की है, ताकि यह धार्मिक और सामाजिक आयोजन अधिक से अधिक लाभकारी और सफल हो सके।