◆ पार्षदों एवं सफाई निरीक्षकों को कार्यशाला में दिया प्रशिक्षण
◆महापौर ने दिया जलजमाव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा छिड़काव के निर्देश
अयोध्या। बरसात के बाद जलभराव और गंदगी के कारण फैलने वाले संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नगर निगम अक्टूबर माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाएगा। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में दस्तक देकर लोगों को मलेरिया, दिमागी बुखार समेत अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम के अयोध्याधाम स्थित जोनल कार्यालय में पार्षदों की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में यूनिसेफ एवं स्वास्थ्य विभाग के तकनीकी सहयोग से पार्षदों को रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्घाटन महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि नगर को ऐसे रोगों से मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है, जो गंदगी, जलभराव और मच्छरों के काटने से फैलते हैं। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्ड में जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित करने में सहयोग की अपेक्षा की। महापौर ने कहा कि जहां भी जलजमाव की स्थिति हो, वहां अभियान चला कर सफाई कराने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाए।
महापौर ने नगर क्षेत्र में झाड़ियों की नियमित सफाई कराने पर भी जोर दिया। साथ ही पालतू पशुओं के कारण सार्वजनिक स्थानों पर फैलने वाली गंदगी पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान सफाई व्यवस्था और मच्छर नियंत्रण के कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नगर निगम के सभी विभागों और कर्मचारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। अभियान की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और इसके तहत वार्डवार गतिविधियां संचालित की जाएंगी।जिला मलेरिया अधिकारी मृदुला आनंद ने पार्षदों को मलेरिया के फैलने के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन को रोकने तथा लोगों को आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।
कार्यशाला का संयोजन नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ला ने किया। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के लिए एंटी लार्वा, मैलाथियान, ब्लीचिंग पाउडर तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। इनका उपयोग पूरे एक माह तक चलने वाले अभियान के दौरान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्षदों के सहयोग से वार्ड स्तर पर लोगों को स्वच्छता, जलभराव की रोकथाम और मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यशाला में पार्षदों के अलावा नगर निगम के सभी सीएफआई भी मौजूद रहे।