Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर नक्षत्रशाला लैब से बच्चों को मिलेगी खगोलीय ज्ञान की नई उड़ान

नक्षत्रशाला लैब से बच्चों को मिलेगी खगोलीय ज्ञान की नई उड़ान

0

प्रभारी मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में लैब का किया शुभारंभ, टेलीस्कोप समेत उपकरणों का लिया जायजा


अंबेडकर नगर। प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में जिला पंचायत निधि से निर्मित नक्षत्रशाला लैब का गुरुवार को प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शुभारंभ किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी एवं वैज्ञानिक संसाधनों से बच्चों को जोड़ना समय की आवश्यकता है। नक्षत्रशाला लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रह, नक्षत्र, खगोलीय घटनाओं और अंतरिक्ष विज्ञान को व्यवहारिक ढंग से समझने का अवसर मिलेगा।
प्रभारी मंत्री ने जिला पंचायत के प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा के साथ फीता काटकर लैब का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ लैब का निरीक्षण किया। वहां स्थापित टेलीस्कोप समेत विभिन्न उपकरणों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से कहा कि नक्षत्रशाला का नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के लिए लैब की गतिविधियों को पढ़ाई से जोड़ा जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक शैक्षिक संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ऐसे संसाधन विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई दिशा देने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक होंगे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे आधुनिक एवं अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सुभासपा जिलाध्यक्ष, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version