अयोध्या। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के आरडी इंटर कॉलेज में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी प्रत्याशी देवेश के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधते हुए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस सुधार को लेकर अपनी पार्टी की प्राथमिकताएं गिनाईं।
चंद्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर उनके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी बदले की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि बदलाव की राजनीति के साथ आगे बढ़ रही है।
पुलिस सुधार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों की आठ घंटे की ड्यूटी लागू करने, वेतन संबंधी विसंगतियां दूर करने और बॉर्डर स्कीम समाप्त करने की मांग रखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए आवास, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
मजदूरों के मुद्दे पर चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि उन्होंने संसद में न्यूनतम मजदूरी 753 रुपये निर्धारित किए जाने की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने बेरोजगारी और विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं का मुद्दा उठाते हुए बीएड, बीटीसी, डॉक्टरों और कर्मचारियों के आंदोलनों का भी उल्लेख किया।
महिलाओं के रोजगार पर उन्होंने कहा कि कुटीर उद्योगों के माध्यम से महिलाओं को उनके घर पर ही सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर उन्होंने कक्षा एक से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण मुफ्त शिक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। इसके साथ ही सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का दावा किया।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पार्टी ने 45 प्रभारियों की घोषणा कर दी है और जल्द ही दूसरी सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बीकापुर से प्रत्याशी देवेश को जनता का बेटा बताते हुए उनके समर्थन में जनसमर्थन जुटाने की अपील की।
जनसभा के दौरान उन्होंने सरकार की नीतियों और रोजगार व भर्ती से जुड़े मुद्दों पर अपने राजनीतिक रुख को भी सामने रखा।