अयोध्या। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार में से तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है। यश डबास अध्यक्ष, रिया छाबड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। विद्यार्थी परिषद की इस जीत पर अयोध्या के भाजपा नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विजयी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से राष्ट्रवादी विचारधारा, छात्र हित और सामाजिक सरोकारों को लेकर विश्वविद्यालय परिसरों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि डूसू चुनाव का परिणाम युवाओं के बीच वैचारिक संगठन की स्वीकार्यता को दर्शाता है। कार्यकर्ताओं का सतत संपर्क और छात्र हितों के मुद्दों पर सक्रियता इस सफलता का आधार बनी है।
महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि डूसू चुनाव में विद्यार्थी परिषद की सफलता यह बताती है कि विद्यार्थी संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और छात्र हितों से जुड़े प्रयासों को महत्व दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विचारधारा से जुड़े संगठन के रूप में विद्यार्थी परिषद ने देशभर के विश्वविद्यालयों में छात्र नेतृत्व की एक लंबी परंपरा विकसित की है। दिल्ली विश्वविद्यालय का परिणाम इसी संगठनात्मक निरंतरता और युवाओं के विश्वास का परिणाम है।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थी परिषद की जीत केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों से विद्यार्थियों के बीच किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों का परिणाम है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता छात्र समस्याओं के साथ-साथ राष्ट्र और समाज से जुड़े विषयों पर भी निरंतर सक्रिय रहते हैं। तीन प्रमुख पदों पर मिली जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता को रेखांकित करती है।
नेताओं ने विजयी प्रत्याशियों सहित विद्यार्थी परिषद के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।