जलालपुर, अंबेडकर नगर। राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश के बाद लगाए गए सीमा-चिह्न को उखाड़कर फेंक देने तथा विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज किए जाने के मामले में जलालपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जैनापुर का है। गांव निवासी रवि कुमार पांडे ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पिता रमाकांत पांडे के नाम दर्ज गाटा संख्या 1064 की भूमि पर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बीते 6 जून को राजस्व निरीक्षक, चकबंदी लेखपाल तथा पुलिस बल की मौजूदगी में पैमाइश कर सीमांकन के लिए पत्थर स्थापित किए गए थे।
आरोप है कि इसके बाद गांव के ही इंद्रजीत पुत्र रामनवल, राहुल पुत्र त्रिभुवन, रामनवल पुत्र हुबई, हरीराम पुत्र नारद समेत अन्य लोगों ने कथित रूप से राजस्व विभाग द्वारा लगाए गए पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया। जब इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ित पक्ष ने विरोध करते हुए पूछताछ की तो आरोपितों ने एकजुट होकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद पीड़ित ने जलालपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जलालपुर अजय प्रताप यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है।