Tuesday, July 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासंपूर्ण समाधान दिवस में हंगामे के आरोप में तीन नामजद समेत 10...

संपूर्ण समाधान दिवस में हंगामे के आरोप में तीन नामजद समेत 10 अज्ञात पर मुकदमा


अयोध्या । रुदौली तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, लोक सेवकों के साथ अभद्र व्यवहार करने और हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने तीन नामजद तथा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की रिपोर्ट तहसील में तैनात लेखपाल वेद प्रकाश यादव की तहरीर पर कोतवाली रुदौली में दर्ज की गई है।

एफआईआर के अनुसार, 18 जुलाई को रुदौली तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान सैदपुर निवासी एक शिकायतकर्ता ने भूमि से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। आरोप है कि शिकायत की सुनवाई के दौरान अधिवक्ता गोरखनाथ तिवारी ने शिकायतकर्ता के आरोपों पर आपत्ति जताते हुए अधिकारियों के समक्ष ऊंची आवाज में विरोध शुरू कर दिया। जब अधिकारियों ने उनसे शिकायत लिखित रूप में देने को कहा तो उन्होंने कथित तौर पर इंकार कर दिया और नाराजगी जताई।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद अधिवक्ता रमेश शुक्ला और आशीष पांडेय सहित अन्य लोग भी वहां एकत्र हो गए। सभी ने अधिकारियों से अभद्र व्यवहार किया, नारेबाजी की तथा धरना देने का प्रयास किया, जिससे संपूर्ण समाधान दिवस की कार्यवाही प्रभावित हुई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

पुलिस ने इस मामले में गोरखनाथ तिवारी, रमेश शुक्ला, आशीष पांडेय तथा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 132, 223 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक युवराज सिंह को सौंपी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments