◆ राज्य मंत्री सतीश शर्मा बोले- प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत
◆ दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का सोमवार को हुआ समापन
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन सोमवार को उदासीन आश्रम रानोपाली में हुआ। रविवार से प्रारंभ हुए इस अभियान में कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा, बूथ प्रबंधन, चुनाव संचालन एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षित किया गया। दूसरे दिन छह अलग-अलग सत्रों में कार्यकर्ताओं को विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के उपरांत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। डा हेडगेवार के जीवन चरित्र पर आधारित फीचर फिल्म भी कार्यकर्ताओं को दिखाई गई।
खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक दल नहीं बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
