अयोध्या। राष्ट्रीय रक्तदान पखवाड़ा के तहत रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन की ओर से जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 18 युवाओं ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षक डीपी यादव और विशिष्ट अतिथि के रूप में शहीद शोध संस्थान के प्रबंधक निदेशक सूर्यकांत पांडे उपस्थित रहे। शिविर की अध्यक्षता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व प्रबंधक राम बहल ने की।
मुख्य अतिथि डीपी यादव ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं होता, इसलिए युवाओं को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने रक्तदाताओं को समाज के सच्चे नायक बताते हुए उन्हें प्रेरणा स्रोत बताया। संस्था के अध्यक्ष आकाश गुप्ता ने बताया कि रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन ने अब तक 173 रक्तदान शिविरों के माध्यम से लगभग 10 हजार मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य है कि अयोध्या जिले में कोई भी मरीज रक्त के अभाव में परेशान न हो।
रक्तदान संयोजक संजय यादव ने कहा कि संस्था लगातार रक्तदान जागरूकता अभियान चला रही है। उपाध्यक्ष विजय वर्मा ने बताया कि संस्था के नाम अयोध्या जिले में सर्वाधिक रक्तदान कराने का रिकॉर्ड दर्ज है। शिविर के सफल आयोजन में लोको पायलट राजन यादव, डॉ. अनुराधा मौर्या, मोहम्मद अहद, प्रदीप गुप्ता और काउंसलर ममता खत्री का विशेष योगदान रहा। रक्तदान करने वालों में अभिषेक त्रिपाठी, हेमंत शुक्ला, दीपक गुप्ता, अनूप मनवानी, डॉ. अंजनी कुमार, मीना यादव, ब्रजेश जायसवाल, प्रदीप यादव, हिमांशु सोनी, सोमिल जायसवाल, शिवम कसौधन, विनय उपाध्याय और सिद्धांत प्रजापति शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को अंगवस्त्र, प्रमाणपत्र और डोनर कार्ड देकर सम्मानित किया गया।