अम्बेडकर नगर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) आशा देवी को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा सम्मानित किया गया। बूथ संख्या 244, प्राथमिक विद्यालय धौरहरा विधानसभा क्षेत्र टांडा की बीएलओ आशा देवी, जो आंगनवाड़ी कार्यकत्री भी हैं, ने अपने बूथ के सभी 735 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर निर्धारित समय में शत-प्रतिशत प्रपत्र एकत्रित किए। इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रपत्रों को बीएलओ ऐप पर पूर्णत: डिजिटाइज कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य से जुड़े सभी बीएलओ एवं संबंधित कर्मी समन्वय के साथ मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त कर समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी टांडा शशि शेखर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।