Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या हर घर तक पहुंचेगी भाजपा, पात्र नागरिकों को मतदाता बनाने की तैयारी

हर घर तक पहुंचेगी भाजपा, पात्र नागरिकों को मतदाता बनाने की तैयारी

0

◆ 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक पार्टी चलाएगी मतदाता जोड़ो अभियान


◆ हर पदाधिकारी को दो बूथों की जिम्मेदारी, घर–घर जाकर पात्र नागरिकों को मतदाता बनाने पर जोर


अयोध्या। भाजपा महानगर की जिला बैठक शनिवार को सहादतगंज स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले मतदाता जोड़ो अभियान की तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान के तहत प्रत्येक पदाधिकारी को अपने निवास वाले बूथ के साथ एक अन्य बूथ की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने का कार्य करेंगे।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके माध्यम से कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे, इसके लिए कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से जुटेंगे। प्रत्येक पदाधिकारी को दो बूथों की जिम्मेदारी देकर अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घर-घर संपर्क कर पात्र युवाओं और अन्य नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ उन्हें मतदान के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

अभियान के तहत 28 से 30 नवंबर तक महिला मोर्चा और एक से तीन दिसंबर तक युवा मोर्चा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जाएगा। 16 नवंबर को विधानसभा क्षेत्र के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों पर मंथन किया जाएगा। वहीं, 13 दिसंबर को समीक्षा बैठक आयोजित कर अभियान की प्रगति का आकलन किया जाएगा।

मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और अभियान प्रभारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसी क्रम में महानगर स्तर पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रूपरेखा तैयार की गई। अभियान का संयोजक सुधीर सिंह मुन्ना को बनाया गया है। बैठक में  विधायक वेद प्रकाश गुप्ता , विधानसभा प्रभारी राजेश सिंह बब्लू, अरविंद सिंह, तिलकराम मौर्या, शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, हरभजन गौड, बाल कष्ण वैश्य, शिवम‌् शुक्ला, प्रवीण दुबे, अशोका द्विवेदी, मुकेश तिवारी, कपिल देव वर्मा, हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, जेपी श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version