जलालपुर, अंबेडकरनगर। गुरुवार से नगर के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता के पूर्व संध्या पर बुधवार को भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली रामलीला मैदान से बाजे-गाजे के साथ निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली यादव चौराहा, जीजीआईसी और गंजा मोहल्ला होते हुए गुजरी, जहां स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ प्रतिभागियों का स्वागत किया। रैली में शामिल खिलाड़ियों, आयोजकों और नगरवासियों ने महिलाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अभिनव क्लब के अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से क्षेत्र की प्रतिभाशाली महिलाओं को मंच मिलेगा और वे खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल, विकास निषाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
नगर में आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और आयोजकों द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।