अयोध्या। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार न लोकतंत्र में विश्वास रखती है और न ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान में। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर संविधान को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप भी लगाया।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच आम जनता बिजली संकट से जूझ रही है। गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। किसानों की धान की नर्सरी तैयार है, लेकिन बिजली और पानी के अभाव में खेती प्रभावित हो रही है।
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सांसद ने कहा कि हत्याएं, बलात्कार और डकैती जैसी घटनाएं अब आम हो चुकी हैं। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और महिलाएं असुरक्षित हैं। महंगाई और बेरोजगारी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जाति विशेष को निशाना बनाकर बुलडोजर चला रही है। दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के घर तोड़े जा रहे हैं। उन्होंने इटावा की कथावाचक घटना का हवाला देते हुए भाजपा पर समाज को बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाया और कहा कि समाजवादी पार्टी सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
सांसद ने दो टूक कहा कि संविधान की रक्षा के लिए समाजवादी किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और संविधान को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी का साथ दें। भाजपा सिर्फ चुनाव जीतना चाहती है, जनहित से उसका कोई सरोकार नहीं है।