Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राम पथ पर नो पार्किंग वाहनों पर कार्रवाई, कई गाड़ियाँ लिफ्टर से...

राम पथ पर नो पार्किंग वाहनों पर कार्रवाई, कई गाड़ियाँ लिफ्टर से उठाई गईं

0

अयोध्या। होली पर्व के मद्देनज़र शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह सिविल लाइन क्षेत्र के राम पथ पर विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े चारपहिया वाहनों को क्रेन के माध्यम से उठाकर पुलिस लाइन भेजा गया। मौके पर मौजूद वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए तत्काल वाहन हटाने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक टीम ने सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटवाकर मार्ग को खाली कराया, जिससे कुछ ही समय में यातायात सामान्य हो गया और आवागमन में राहत मिली।

एसपी ट्रैफिक ए.पी. सिंह ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में राम पथ जैसे प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, इसलिए नागरिकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक वाहनों का चालान किया गया और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जाम मुक्त व्यवस्था के लिए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version