Thursday, July 30, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरजलालपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, फुटपाथ खाली कराए गए

जलालपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, फुटपाथ खाली कराए गए


जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर बुधवार को नगर पालिका परिषद एवं तहसील प्रशासन ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मुख्य मार्गों और बाजारों से फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

अभियान की शुरुआत कोतवाली के सामने से रामगढ़ रोड की ओर की गई। इसके बाद टीम यादव चौराहा होते हुए सराय चौक तक पहुंची। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर रखी चौकियां, ठेले, दुकान का सामान तथा अन्य अवैध कब्जे हटवाए गए। कई स्थानों पर फुटपाथ पर स्थायी रूप से व्यवसाय संचालित किए जाने के कारण राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ रहा था, जिससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी।

प्रशासनिक टीम ने फुटपाथों को पूरी तरह खाली कराने के साथ ही सड़क किनारे रखे गए कई सामान जब्त किए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर की सड़कें और फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

अभियान के दौरान कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए नियमित रूप से ऐसी कार्रवाई जारी रखने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments