Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तेजी से बन रहे अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर,...

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तेजी से बन रहे अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर, राशन वितरण व्यवस्था होगी बेहतर

0

अयोध्या। जिले में उचित दर की दुकानों को बेहतर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर के निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में जिले में 62 मॉडल स्टोर पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि मार्च 2026 तक 19 और स्टोर उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अयोध्या जिले में कुल 102 अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिनमें 75 स्टोर मनरेगा कन्वर्जेंस के तहत और 27 स्टोर विभागीय बजट से बनाए जाने थे। शासन ने फिलहाल विभागीय बजट से 19 स्टोर की स्वीकृति दी है, जिनमें 13 नगर क्षेत्र और 6 ग्रामीण क्षेत्र में बनाए जाएंगे। सभी स्टोरों को 31 मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शुरू करने के लिए बजट की पहली किस्त 4 लाख 23 हजार रुपये जारी की जा चुकी है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 8 लाख 46 हजार रुपये निर्धारित की गई है। शेष बजट कार्य प्रगति के अनुसार उपलब्ध कराया जाएगा।


क्या मिलेगा मॉडल स्टोर पर


अन्नपूर्णा मॉडल स्टोरों को मिनी मार्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इनमें उपभोक्ताओं को राशन के साथ दाल, तेल, साबुन, सरफ, नमकीन, बिस्किट और चाय जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। स्टोरों में बैठने की व्यवस्था, पीने के लिए शुद्ध पानी, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे वितरण प्रक्रिया को अधिक सुचारू और व्यवस्थित बनाया जा सके। मॉडल स्टोरों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version