Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर विद्यालय जा रही छात्रा का अपहरण का प्रयास

विद्यालय जा रही छात्रा का अपहरण का प्रयास

0
ayodhya samachar

◆ पांच दिन बाद भी पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल


जलालपुर,अम्बेडकर नगर। जिले में बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में विद्यालय जा रही 14 वर्षीय छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास करने और विरोध करने पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि घटना को पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे पीड़ित परिवार भय और आक्रोश के बीच जीने को मजबूर है।

पीड़ित छात्रा के बाबा द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, बीते 19 दिसंबर की सुबह उनकी 14 वर्षीय पौत्री, जो कक्षा नौ की छात्रा है, अपनी छोटी बहन के साथ विद्यालय जा रही थी। जैसे ही दोनों एक जूनियर विद्यालय के पास स्थित तालाब के निकट पहुंचीं, तभी गांव के ही चंद्रेश उर्फ चंदू पुत्र पन्नालाल गौड़, निवासी मठिया कुरमीपुर, ने छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।

छात्रा के शोर मचाने और आसपास लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। शाम को घर लौटने पर जब उसने पूरी घटना अपनी मां को बताई तो परिवार के होश उड़ गए।

पीड़ित परिजनों का कहना है कि अगले दिन यानी 20 दिसंबर को छात्रा ने महिला हेल्पलाइन 1090 पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद न तो थाना स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई हुई और न ही आरोपी के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया गया।

लगातार कार्रवाई न होने से छात्रा और उसका परिवार भय के साए में जी रहा है। पीड़ित पक्ष ने क्षेत्राधिकारी जलालपुर को भी लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं इस संबंध में जैतपुर थाना अध्यक्ष थीरेंद्र आज़ाद ने बताया कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, फिलहाल जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version