जलालपुर, अम्बेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता ने कटका पुलिस पर मामले में एफआईआर दर्ज न करने और सुलह का दबाव बनाने का भी गंभीर आरोप लगाया है। न्याय के लिए उन्होंने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।
पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में पीड़ित पिता का कहना है कि 5 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे उनकी बेटी गेहूं की मड़ाई के लिए खेत जा रही थी। रास्ते में ग्राम गोबिनापुर थाना अतरौलिया आजमगढ निवासी चार लोगो ने उसे पकड़ लिया। उसे एक आरोपी के घर में बंधक बना लिया गया। इसके बाद उसे दूसरे आरोपी के घर ले जाया गया। उसने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित का कहना है कि उसकी शिकायत पर पुलिस दो आरोपियों को पकड़कर ले आई। उसकी निशानदेही पर एक आरोपी के यहां से बेटी को बरामद कर थाने ले आयी। उसका आरोप है पुलिस ने आरोपियों के दबाव में उससे सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए तथा उस पर मारपीट का झूठा मुकदमा दर्ज करके बेटी को घर जाने के लिए कह दिया। इसके बाद वह अपनी नाबलिग बेटी साथ पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित हुआ। पीड़ित ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने बेटी का बयान लेकर मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। हालांकि पीड़ित का कहना है कि कटका पुलिस ने उसकी बेटी का बयान तो लिया, पर अब भी मुकदमे में सुलह करने का दबाव बना रही है। इस संबंध में एसओ कटका अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व में दोनों पक्षों में गाली गलौज हुई थी। जिसका मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। इस बीच मुकदमा दर्ज होने के चार दिन बाद पिता अपनी पुत्री के अपहरण व दुष्कर्म जैसे आरोप लगाये हैं, जिसकी जांच जारी है। किशोरी के बयान के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।