Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर अंबेडकर जयंती को लेकर प्रशासन सख्त, शांति व गरिमा से आयोजन के...

अंबेडकर जयंती को लेकर प्रशासन सख्त, शांति व गरिमा से आयोजन के निर्देश

0
ayodhya samachar

अम्बेडकरनगर। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को शांतिपूर्ण व गरिमामय ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर में आयोजित बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जयंती शासन की मंशा के अनुरूप अनुशासन और सम्मान के साथ मनाई जाए। इसके तहत 13 अप्रैल को जनपदभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सभी प्रतिमा स्थलों के आसपास साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, जाली व छतरी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने प्रत्येक प्रतिमा स्थल पर मूर्ति सुरक्षा समिति गठित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पंचायत स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि नई परंपराओं या नई प्रतिमाओं की स्थापना की अनुमति नहीं होगी। पारंपरिक जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे।
कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है। अराजक तत्वों पर नजर रखते हुए जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता के साथ जयंती मनाएं तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित न करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version