अयोध्या। रामनवमी मेला और होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपदभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सहायक खाद्य आयुक्त मानिकचंद के नेतृत्व में गठित दो टीमें प्रतिदिन सुबह और शाम बाजारों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग कर रही हैं।
प्रत्येक तहसील में संबंधित एसडीएम के नेतृत्व में विशेष जांच टीमें बनाई गई हैं, जो मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य तेल विक्रेताओं की निगरानी कर रही हैं। विभाग द्वारा फूड सेफ्टी व्हील के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
जांच अभियान के दौरान प्रमोद वन स्थित बृजमोहन हेमंत कुमार की दुकान में अनियमितता पाए जाने पर उसे सील कर दिया गया। वहीं लक्ष्मी पशु आहार से लगभग 30 हजार रुपये मूल्य का पाम ऑयल सीज किया गया। होली के मद्देनजर विशेष रूप से खोवा, मिठाइयों, सरसों के तेल, घी और पनीर की सघन जांच की जा रही है। नकली खोवा की बाहरी आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए विजिलेंस और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।