अंबेडकर नगर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतित और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी रंजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, पुनरीक्षण कार्यक्रम तथा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर वितरित किए गए गणना प्रपत्रों को चार दिसंबर तक भरकर जमा कराना आवश्यक है, ताकि निर्धारित समय में डिजिटाइजेशन किया जा सके। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट को सक्रिय करें, जिससे प्रत्येक बूथ पर बीएलओ को पूर्ण सहयोग मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रपत्र के शीर्ष भाग में फोटो, माता-पिता का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य है, जबकि नीचे एस आई आर 2003 से संबंधित विवरण भरना होता है। मतदाता अपने नाम की जांच 2003 एवं 2025 की मतदाता सूची में ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से कर सकते हैं। अंत में उन्होंने राजनीतिक दलों तथा मतदाताओं से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग की अपील की। बैठक में विभिन्न दलों के पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।