Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जनपद में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की जरूरत नहीं: डीएम

जनपद में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की जरूरत नहीं: डीएम

0
ayodhya samachar

अम्बेडकर नगर। जिले में एलपीजी गैस को लेकर उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और इसकी सुगम आपूर्ति के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल की कुल 44 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में जनपद में 14 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि प्रतिदिन लगभग पांच हजार सिलेंडरों की खपत हो रही है। ऐसे में गैस की कमी की कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने आमजन से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने बताया कि गैस वितरण से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसमें दो शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पहली शिफ्ट सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक संचालित होगी। उपभोक्ता आवश्यकता पड़ने पर इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक गैस वितरण केंद्र पर पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई है तथा सभी एजेंसियों को ओटीपी के माध्यम से होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के वितरण पर रोक लगाई गई है। इसके विकल्प के रूप में प्रशासन ने फ्यूल वुड यानी जलौनी लकड़ी की व्यवस्था की है। जिले में 80 क्रियाशील आरा मशीनों और 34 लकड़ी अड्डों को चिन्हित किया गया है, जहां लगभग 2500 कुंतल से अधिक फ्यूल वुड का बफर स्टॉक उपलब्ध है। यहां से लोग विवाह, दाह संस्कार, तेरहवीं और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के लिए लकड़ी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि फ्यूल वुड की कीमत पांच से छह रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई है। यदि किसी को लकड़ी प्राप्त करने में कोई समस्या आती है तो संबंधित उपजिलाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि सरकार की ओर से जल्द ही केरोसिन की आपूर्ति भी कराई जाएगी। इसके लिए पुराने लाइसेंसधारकों से अपील की गई है कि वे जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर अपने लाइसेंस का नवीनीकरण करा लें, ताकि आवंटन के समय किसी प्रकार की दिक्कत न हो। प्रेस वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार वर्मा सहित पत्रकार मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version