अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर की गई अपील के बाद नगर निगम उपयोग को नियंत्रित करते हुए ईधन की खपत में 10 प्रतिशत की कमी लाएगा। इसके लिए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के बीच चर्चा के बाद विभागाध्यक्षों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। नगर निगम के पास अभी 20 इलेक्टिक चलित कूडा वाहन तथा 5 अधिकारियों को ईवी कार एलॉट की गई है।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि जनरेटर का उपयोग केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही किया जाए। कार्यालय संचालन के दौरान जनरेटर का प्रयोग न्यूनतम रखने को कहा गया है, ताकि डीजल की खपत में कमी लाई जा सके। इसके साथ ही सरकारी वाहनों के उपयोग का नियंत्रित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से अपेक्षा की गई है कि वे कार्यालय आने-जाने के लिए अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। इससे न केवल डीजल खर्च में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने पार्षदों से भी अपील की है कि वे अधिक डीजल खर्च करने वाले वाहनों के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहन अथवा दोपहिया वाहनों का प्रयोग करें। बताया कि निगम में ईधन उपयोग को और अधिक कम करने के उपायों पर मंथन किया जाएगा।