Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर फर्जी जीएसटी फर्म से तारकोल बेचकर टैक्स चोरी का आरोप, दो पर...

फर्जी जीएसटी फर्म से तारकोल बेचकर टैक्स चोरी का आरोप, दो पर धोखाधड़ी का मुकदमा

0

जलालपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में फर्जी जीएसटी फर्म के जरिए तारकोल की बिक्री कर टैक्स चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बंदीपुर, जलालपुर निवासी एवं कारोबारी आलोक कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी फर्म ने अगस्त 2023 में एसपी पेट्रोकेमिकल्स एंड गैस इंडिया प्रा. लि. से दो अलग-अलग इनवाइस के माध्यम से तारकोल खरीदा था। खरीद पर सीजीएसटी और एसजीएसटी की बड़ी राशि भी वसूली गई थी।

शिकायत के अनुसार, बाद में जीएसटी विभाग की जांच में संबंधित विक्रेता फर्म को अस्तित्वहीन घोषित कर दिया गया। आरोप है कि फर्म का संचालन संतोष पांडेय और धीरज पांडेय कर रहे थे। फर्म द्वारा ग्राहकों से टैक्स वसूलने के बावजूद उसे सरकारी खाते में जमा नहीं किया गया, जिसके चलते विभाग अब खरीदार फर्म पर नियमानुसार टैक्स देयता तय कर रहा है।

आलोक कुमार सिंह ने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी और टैक्स चोरी बताते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। शिकायत के आधार पर जैतपुर पुलिस ने संतोष पांडेय और धीरज पांडेय के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसओ जैतपुर प्रेमचंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version