अयोध्या। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में संतकबीरनगर जिले में तैनात महिला सिपाही की मौत हो गई। महिला सिपाही अपने पिता के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान कैंट थाना क्षेत्र में एक होटल के सामने पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रौनाही थाना क्षेत्र के टीकावां गांव निवासी अमृतासिंह (25) संतकबीरनगर में महिला सिपाही के पद पर तैनात थीं। शनिवार को वह अवकाश पर अपने घर आई थीं। शाम को वह अपने पिता सूर्यभान सिंह के साथ बाइक से जा रही थीं। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के सामने पीछे से आए वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में अमृता सिंह को गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।
सीओ सिटी श्रेयस त्रिपाठी ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र के लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सड़क दुर्घटना में संतकबीरनगर में तैनात महिला सिपाही अमृता सिंह की मौत हुई है। वह अपने पिता के साथ बाइक से जा रही थीं। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।