Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या  श्मशान घाट तक 15 दिन में सड़क नहीं बनी तो AAP करेगी...

 श्मशान घाट तक 15 दिन में सड़क नहीं बनी तो AAP करेगी धरना-प्रदर्शन

0

राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी आंदोलन में होंगे शामिल : अनिल प्रजापति


अयोध्या। रामनगरी में श्मशान घाट तक जाने वाले बदहाल मार्ग को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति एडवोकेट ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि निर्धारित समय में सड़क की मरम्मत अथवा निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी मौके पर धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित आंदोलन में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी शामिल होंगे।

शाने अवध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनिल प्रजापति ने कहा कि अयोध्या में लोग अपने परिजनों को अंतिम विदाई देने के लिए जिस श्मशान घाट तक जाते हैं, वहां पहुंचने वाला रास्ता लंबे समय से बदहाल है। टूटी और जर्जर सड़क के कारण अंतिम यात्रा में शामिल लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह केवल सड़क का मामला नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है।

उन्होंने प्रदेश सरकार के अयोध्या के विकास और सौंदर्यीकरण के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में बड़े-बड़े विकास कार्यों और परियोजनाओं की बात की जा रही है, लेकिन आम लोगों की बुनियादी जरूरतों से जुड़ी सड़क तक दुरुस्त नहीं कराई जा रही है। विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब आम नागरिकों को रोजमर्रा की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

अनिल प्रजापति ने कहा कि किसी व्यक्ति की अंतिम यात्रा के दौरान उसके परिजनों और परिचितों को खराब सड़क के कारण परेशानी उठानी पड़े, इससे अधिक संवेदनशील स्थिति क्या हो सकती है। प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सड़क निर्माण या मरम्मत का काम शुरू कराना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 दिन के भीतर सड़क का काम शुरू नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन को व्यापक रूप दिया जाएगा और इसमें राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी शामिल होंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूके द्विवेदी, मोहम्मद इसराइल, नीलेश चतुर्वेदी, शारदा मास्टर, गायत्री मिश्रा, मोहित महाराज, कुलभूषण साहू, इंद्रजीत यादव, अखिलेश गौतम समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version