जलालपुर, अंबेडकर नगर। दीपावली के दिन दीपक जलाने जा रहा एक युवक रास्ते में लगाए गए झटका मशीन के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामला रविवार शाम करीब छह बजे का है। जानकारी के अनुसार, जैनापुर गांव निवासी विकास पुत्र अशोक कुमार अपने दूसरे मकान पर दीपक जलाने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लगे झटका मशीन के तार की चपेट में आने से वह झुलस गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सालय ले गए।
इसके बाद परिजन घटना की शिकायत लेकर गांव निवासी शैलेंद्र प्रताप सिंह के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने परिजनों की बात सुनने के बजाय उन्हें वहां से भगा दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है जांच की जा रही है।