बसखारी अंबेडकर नगर। पीआरबी 1665 एवं अर्टिका की भीषण टक्कर अर्टिका कार चालक व उनकी पत्नी व पीआरबी चालक होमगार्ड व पीआरबी पर सवार एक पुलिसकर्मी घायल हो गये ।दुर्घटना मंगलवार की दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर स्थित राम अवध स्मारक महाविद्यालय कसदहा शुकुल बाजार के निकट की बताई जा रही है।
जब पीआरबी 1665 किसी सूचना पर कौड़ाही जा रही थी कि इसी बीच प्रतापपुर बेल्वरिया गांव की तरफ से आ रही अर्टिका वाहन जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर पहुंची उसकी पीआरबी वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर से पीआरबी वाहन सड़क पर पलट गई। और अर्टिका कार का अगला हिस्सा बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में पीआरबी वाहन पर सवार मंसाराम यादव व चालक शेषनाथ व प्रतापपुर बेलवरिया निवासी अर्टिका चालक गौरव दुबे व उनकी पत्नी रूपम दुबे घायल हो गई। दुर्घटना की खबर सुनकर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय व चौकी इंचार्ज सुनील दत्त पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचाया।इसके बाद सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जेसीबी व स्थानीय लोगों की मदद से किनारे करवाते हुए यातायात सुचारू करवाया। दुर्घटना अचानक सड़क पर आये गोवंशो को बचाने के कारण बतायी जा रही है। जबकि कुछ लोग दुर्घटना का कारण पीआरबी वाहन के रॉन्ग साइड में जाने को लेकर बता रहे हैं। हादसे के संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा कर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करवा दिया गया है।