अयोध्या। नगर निगम के ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को विक्रमादित्य वार्ड में जनसमस्याओं के समाधान के लिए महापौर महंतगिरीशपतित्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्रकुमार ने क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान दिल्ली दरवाजा क्षेत्र में नजूल की खाली पड़ी जमीन पर पार्क विकसित करने तथा कच्चे नाले को पक्का बनवाने का आश्वासन दिया गया।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे गुदड़ी बाजार तिराहा पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों व पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र मिश्र ने अधिकारियों का स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। बंगालीहाता के पास नाली सफाई, रोड लाइट दुरुस्त कराने और सीवर लाइन डलवाने की मांग उठी, जिस पर महापौर ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
आगे बढ़ते हुए जर्जर भवनों पर लटके बिजली के तार बदलवाने की मांग भी सामने आई। इस पर बिजली विभाग से पत्राचार कर समस्या दूर कराने का भरोसा दिया गया। निरीक्षण के दौरान इंडिया मार्का-टू हैंडपंप की जांच की गई, जो सुचारु मिला। नालियों में एंटीलार्वा छिड़काव और सफाई कर्मियों द्वारा कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर संतोष जताया गया।
अधिवक्ता संजय श्रीवास्तव की गली के सामने खाली जमीन पर पौधरोपण कर पार्क, हाईमास्ट लाइट और बैठने के लिए बेंच लगाने की मांग को भी स्वीकृति मिली। दिल्ली दरवाजा ढाल की सड़क दुरुस्त कराने तथा राजेश निषाद के घर के पास नाले पर स्लैब डालने का आश्वासन दिया गया। लोगों ने पेयजल संकट और 14 कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं।
विघ्नेश्वरनाथ महादेव मंदिर के पास गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए। जल आपूर्ति की जांच में पानी का टीडीएस व क्लोरीन स्तर सामान्य पाया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अभियान के तहत क्षेत्र की सभी समस्याओं का चरणबद्ध समाधान कराया जाएगा।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि महापौर ने भ्रमण के दौरान लोगों के घरों में सप्लाई हो रहे पेयजल की जांच कराई। पानी का टीडीएस सामान्य पाया गया। जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए अवशेष क्लोरीन भी पानी में पाया गया। निरीक्षण के दौरान पार्षद सुनील यादव, अपर आयुक्त भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरव श्रीवास्तव, निर्माण खंड के सहायक अभियंता राजपति यादव, भाजपा के मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, आलोक द्विवेदी, पूर्व पार्षद दिलीप जायसवाल, मदन पहलवान, अमीरचंद जायसवाल आदि थे।