जलालपुर अम्बेडकर नगर। नगर स्थित महिला अस्पताल परिसर में विगत दिनों पीपल के वृक्ष के अवैध कटान के मामले में वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। पर्यावरण सदस्य केशव श्रीवास्तव की शिकायत पर वन क्षेत्राधिकारी स्नेह कुमार मौर्य ने दो आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए कुल एक लाख 45 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
वन विभाग के अनुसार गुलाम मुस्तफा निवासी बाजितपुर एवं विजय वर्मा निवासी कन्नूपुर पेठिया, थाना कोतवाली जलालपुर के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वन क्षेत्राधिकारी स्नेह कुमार मौर्य ने बताया कि जुर्माने की धनराशि के सापेक्ष 50 हजार रुपये की जमानत राशि जमा कराई जा चुकी है, जबकि शेष धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया जारी है।
इस मामले को लेकर पर्यावरण सदस्य केशव श्रीवास्तव ने कहा कि पीपल जैसे पवित्र और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण वृक्ष को काटने के बाद केवल पूजा-पाठ कर मामले को दबाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून के तहत दोषियों के खिलाफ जो कार्रवाई की गई है, वह सही और आवश्यक है।