जलालपुर अंबेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी दो बच्चों की मां की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार देर शाम जैसे ही मृतका का शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर गांव निवासी गंगाराम की पुत्री प्रीति 29 वर्ष की शादी लगभग छह वर्ष पूर्व आजमगढ़ जिले के अहिरौला थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी शोले के साथ हुई थी। विवाह के बाद प्रीति दो बच्चों की मां भी बन चुकी थी।
शुक्रवार देर रात मायके पक्ष को फोन कर सूचना दी गई कि प्रीति की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण ससुराल पहुंचे तो देखा कि मृतका का पति और ननद घर छोड़कर फरार थे, जबकि घर पर केवल सास मौजूद थी। उस समय प्रीति का शव घर पर ही लिटाया हुआ था।
मृतका के चचेरे भाई रवि ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या की गई है। इस संबंध में अहिरौला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शनिवार की शाम जब विवाहिता का शव ससुराल से मायके लाया गया तो परिजनों समेत पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। मृतका के दो छोटे बेटे हैं, जिनमें से एक मात्र एक वर्ष का है जबकि दूसरा चार साल का है