Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सातवें बड़े मंगल पर आस्था का महासंगम, लता चौक पर विशाल भंडारे...

सातवें बड़े मंगल पर आस्था का महासंगम, लता चौक पर विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

0

अयोध्या। ज्येष्ठ मास के सातवें बड़े मंगलवार पर रामनगरी एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के रंग में सराबोर नजर आई। नया घाट स्थित लता चौक पर जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह के संयोजन में आयोजित विशाल भंडारे में दिनभर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता रहा। देर शाम तक चले इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर संकटमोचन हनुमानजी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

भंडारे का शुभारंभ मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास तथा महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने हनुमानजी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं जनमंगल की कामना की गई। पूरा वातावरण जय श्रीराम और बजरंगबली के जयघोषों से गुंजायमान रहा।

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन वितरण के अनेक केंद्र बनाए गए थे। स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण भाव से व्यवस्था संभाली, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। भक्ति और सेवा के इस अद्भुत संगम ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने कहा कि बड़े मंगल का यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को सुदृढ़ करने का भी अवसर है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सेवा करना ही इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा और सभी के सहयोग से भंडारा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

देर शाम तक चले आयोजन में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह , विधायक अमित सिंह चौहान, पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, महंत गिरीश दास, महंत जनार्दन दास, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, अवधेश पांडे बादल ,अभिषेक मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य देवता पटेल अंकित पांडे  अशोक मिश्रा सहित संत-महात्माओं, प्रबुद्धजनों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही ।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version