जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के उजाला मैरिज हॉल में गुरुवार रात आयोजित विवाह समारोह में फोटो खींचने को लेकर बड़ा विवाद हो गया। बताया जाता है कि जयमाल के दौरान महिलाओं के बीच खड़े होकर फोटो लेने पर घराती और बाराती पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
हंगामा बढ़ने पर घराती पक्ष ने मैरिज हॉल का मुख्य गेट बंद कर दिया, जिससे बाराती अंदर ही फंसकर रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, गेट खुलवाया और बारातियों को बाहर निकाला। माहौल तनावपूर्ण होने के कारण बारात बिना दुल्हन के ही नंदापुर गांव वापस लौट गई।
घटना की जानकारी रातोंरात क्षेत्र में फैल गई और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। मिली जानकारी के अनुसार नंदापुर निवासी निशाल शर्मा की बारात, बैरागल गांव निवासी राम सजीवन शर्मा की पुत्री के लिए मालीपुर बाजार स्थित उजाला मैरिज हॉल में पहुंची थी, जहां फोटो खींचने को लेकर विवाद की शुरुआत हुई।
शुक्रवार सुबह स्थिति सामान्य होने पर कन्या पक्ष लड़की को लेकर वर पक्ष के घर पहुंचा, जहां हिंदू रीति-रिवाज के साथ शांतिपूर्वक विवाह की सभी रस्में सम्पन्न की गईं। मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि इस प्रकरण में अब तक किसी भी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।