अयोध्या। तहसील रूदौली के सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने की। इस अवसर पर रूदौली विधायक रामचंदर यादव व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में पहुंचे प्रत्येक फरियादी की समस्या को व्यक्तिगत रूप से ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं न्यायोचित कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ लें तथा उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। समाधान दिवस के दौरान ग्राम सैदपुर के शिकायतकर्ता द्वारा रास्ते की पैमाइश कराकर उसे खुलवाने की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम खण्डपिपरा विकासखण्ड रूदौली के शिकायतकर्ता ने सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण हटवाने की शिकायत की, जबकि गोगौरा मजरा पारा पहाड़पुर के ग्रामीण ने सरकारी बंजर भूमि जोतने व मेड़बंदी कराने की मांग रखी। वहीं ग्राम हुनहुना थाना मवई एवं ग्राम रतनपुर मवई से अवैध कब्जा व अतिक्रमण हटवाने से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गईं। सभी मामलों में जिलाधिकारी ने तहसीलदार रूदौली को जांच कर न्यायोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 232 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिकायतें मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व, सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन आदि से संबंधित रहीं।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी रूदौली, क्षेत्राधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।