अंबेडकर नगर। मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए आलापुर पुलिस ने रविवार सुबह दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन पैकेट में कुल 271 ग्राम अवैध मारफीन बरामद किया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर, विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपितों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आमादरवेशपुर के पास घेराबंदी की गई। सुबह पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से तीन पैकेट में 271 ग्राम मारफीन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुलाब गोस्वामी पुत्र बच्चालाल गोस्वामी तथा साकेत गोस्वामी पुत्र गिरजा शंकर गोस्वामी, निवासी मसेना मिर्जापुर, थाना आलापुर के रूप में हुई है।
पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गुलाब गोस्वामी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ आलापुर थाने में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अन्य धाराओं में वर्ष 2021 से 2025 के बीच चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद मारफीन के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक बालमुकुंद यादव, कांस्टेबल वैभव यादव और कांस्टेबल मान सिंह शामिल रहे।