अंबेडकर नगर। परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति और सर्वांगीण विकास को लेकर अब हर माह की तीन तारीख को पेरेंट्स टीचर मीटिंग (पीटीएम) आयोजित की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रधानाध्यापिका और शिक्षकों को पीटीएम अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अधिक से अधिक अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
पीटीएम में विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति और रिपोर्ट कार्ड की समीक्षा की जाएगी। साथ ही बच्चों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति, निर्धारित स्कूल ड्रेस, शिक्षा की गुणवत्ता और सीखने के स्तर को लेकर अभिभावकों से संवाद होगा। शिक्षकों द्वारा बच्चों की प्रगति की जानकारी अभिभावकों को दी जाएगी और पढ़ाई में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए जाएंगे।
बैठक में बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभिभावकों को बच्चों को प्रतिदिन साफ-सुथरा और स्वच्छ रखकर विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया जाएगा। विद्यालय की स्वच्छता बनाए रखने तथा बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय सहयोग के लिए अभिभावकों को उनकी जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया जाएगा।
बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि पीटीएम में निर्धारित सभी बिंदुओं पर प्रभावी चर्चा कर विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे बच्चों की शैक्षिक प्रगति के साथ उनके सर्वांगीण विकास को भी गति मिल सके। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।