Tuesday, July 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याचौक के ऐतिहासिक द्वार के सौंदर्यीकरण कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण

चौक के ऐतिहासिक द्वार के सौंदर्यीकरण कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण


निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश


अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंगलवार को पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चौक स्थित ऐतिहासिक द्वार के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि ऐतिहासिक धरोहर की मूल संरचना को सुरक्षित रखते हुए कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोतवाली के पास स्थित गेट संख्या-4 पर चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आवागमन के लिए उपलब्ध दो मार्गों में से एक-एक मार्ग को क्रमवार बंद कर शेष कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आमजन को कम से कम असुविधा हो। साथ ही नगर कोतवाली प्रभारी को यातायात का नियमानुसार डायवर्जन कर निर्माण कार्य में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने धारा रोड स्थित साकेत सदन के मुख्य भवन (बी-1), एंट्रेस प्लाजा तथा सोविनियर शॉप (बी-2) सहित अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने, निर्माण गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उप निदेशक पर्यटन को परियोजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया भी शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, उप निदेशक पर्यटन बी.पी. सिंह, यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के सहायक परियोजना प्रबंधक, अवर अभियंता तथा संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments