जैतपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में खेत पर गेंदे के फूल की सिंचाई कर रहे एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेरगा गांव निवासी सूरज यादव पुत्र दयाशंकर यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि वह देर रात अपने ट्यूबवेल पर गेंदे के फूल की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान शेखपुरा पलिवारी निवासी रत्नेश पुत्र भागेलु अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि विरोध करने पर सभी आरोपियों ने बांस, लाठी और डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने चाकू से वार किया, जिससे वह घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। इतना ही नहीं, बांस के टुकड़े से उसका गला दबाने का भी प्रयास किया गया, जिससे उसके शरीर पर कई चोटें आईं।
सूरज यादव के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।