अंबेडकरनगर। आगामी रविवार को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5088 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर निगरानी की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों को बैंक से परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों (सीएएफ) की तैनाती की गई है। इसके अलावा संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े।
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
एसपी प्राची सिंह ने कहा कि जनपद पुलिस एवं प्रशासन परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।