◆ ज्ञान भारतम योजना के तहत संरक्षित होगी सांस्कृतिक धरोहर
अयोध्या। जनपद की ऐतिहासिक और साहित्यिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ज्ञान भारतम योजना के अंतर्गत पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जनपद में उपलब्ध हस्तलिखित विरासत एवं साहित्यिक महत्व की पांडुलिपियों के संरक्षण, डिजिटलीकरण और व्यवस्थित अभिलेखीकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर व्यापक सर्वेक्षण कर सभी पांडुलिपियों की सूची तैयार की जाए और उनके सुरक्षित संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी पूर्व निर्धारित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पांडुलिपियां हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण और प्रचार-प्रसार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने डिजिटलीकरण कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे भविष्य में शोध एवं अध्ययन कार्यों में सुविधा मिलेगी और विरासत सुरक्षित रह सकेगी।
बैठक में विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।