जलालपुर अम्बेडकरनगर। शादी का झांसा देकर नाबालिग किशोरी का शारीरिक व मानसिक शोषण करने के मामले में मालीपुर पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल न्यायालय भेज दिया है। मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव का ही 17 वर्षीय किशोर उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देता रहा और बीते करीब दो वर्षों से उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान आरोपी द्वारा किशोरी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जाता था।
परिजनों के अनुसार, आरोपी के उत्पीड़न से तंग आकर किशोरी ने बीते नौ जनवरी को शाम करीब चार बजे अत्यधिक मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। समय रहते परिजनों ने दरवाजा तोड़कर किसी तरह उसकी जान बचाई। पीड़िता के पिता ने आशंका जताई कि विपक्षी के दबाव और प्रताड़ना के चलते उनकी पुत्री ने यह जघन्य कदम उठाने की कोशिश की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध पास्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसी क्रम में रविवार सुबह मुखबिर की सूचना पर मालीपुर पुलिस ने खजूरी करौदी क्षेत्र से आरोपी किशोर को उस समय हिरासत में लिया, जब वह फरार होने की फिराक में था।
इस संबंध में मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लेकर नियमानुसार बाल न्यायालय भेज दिया गया है। मामले की विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही।