अयोध्या। रामनगरी की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने दो सुलभ शौचालयों का लोकार्पण किया। ये शौचालय रामपथ स्थित सरदार गणपति राय सरस्वती विद्या मंदिर परिसर के भीतर एवं बाहर निर्मित किए गए हैं। शौचालयों का निर्माण टाइनी टाट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सहयोग से कराया गया है, जबकि इनके संचालन की जिम्मेदारी टाइनी टाट्स ग्रुप ऑफ स्कूल्स एवं अयोध्या विकास प्राधिकरण संयुक्त रूप से निभाएंगे।
महापौर के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि दोनों शौचालय पांच-पांच सीटर हैं। इनमें से एक शौचालय का उपयोग विद्यालय के छात्र करेंगे, जबकि दूसरा अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगा। उद्घाटन से पूर्व विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि अयोध्या आज अवसरों की संभावनाओं वाला महानगर बनकर उभर रही है। प्रतिमाह देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, ऐसे में नगर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महापौर ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सफाई कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नागरिक समितियों के माध्यम से पांच वार्डों में सफाई का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने सरयू नदी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया और नागरिकों तथा विभिन्न संस्थानों से वार्डों को गोद लेकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में टाइनी टाट्स की निदेशक बिन्नी सिंह ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए फलदार पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा, बल्कि पक्षियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था होगी। बच्चों को सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इससे नई पीढ़ी में अनुशासन विकसित होगा और वे नशे जैसी कुप्रवृत्तियों से दूर रहेंगे।
कार्यक्रम में साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दानपति तिवारी, विद्या मंदिर के प्रबंधक प्रमोदकांत, पार्षद अनिकेत यादव व राजकरण, पूर्व सभासद रमाकांत विश्वकर्मा, सरदार रणजीत सिंह, गुनीत औलख, प्रधानाचार्य मुकेश चंद्र शर्मा एवं मुक्ति श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एकता भूटानी और वंदना सिंह ने किया।