जलालपुर अम्बेडकरनगर। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच पुलिस ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए जरूरतमंदों की मदद की। अपर पुलिस अधीक्षक श्याम देव के नेतृत्व में मालीपुर चौराहा सहित आसपास के क्षेत्रों में असहाय व निर्धन लोगों को ठंड से बचाव के लिए शॉल, स्वेटर, इनर समेत अन्य गर्म कपड़ों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्याम देव ने कहा कि समाज सेवा सबसे बड़ा धर्म है। आम नागरिकों के साथ पुलिस विभाग भी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में निरंतर अग्रसर है। पुलिस का यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों को ठंड से राहत पहुंचाने वाला है, बल्कि समाज में मानवीय मूल्यों को भी सुदृढ़ करता है।
कपड़े पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी। लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम में थाना अध्यक्ष मालीपुर स्वतंत्र कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक अनिल शर्मा, उपनिरीक्षक विजय राम, उपनिरीक्षक अनुराग गौतम, हेड कांस्टेबल करुणा शंकर मिश्रा, हेड कांस्टेबल रसूल तथा मिशन शक्ति केंद्र की टीम से महिला आरक्षी अनुराधा पांडेय, महिला आरक्षी क्षमा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।