अयोध्या। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अक्टूबर 2025 की रैंकिंग के आधार पर मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा हेतु शुक्रवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी अयोध्या निखिल टीकाराम फुंडे, अपर आयुक्त प्रशासन अजय कान्त सैनी सहित मंडलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी बाराबंकी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर और अमेठी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिन विभागों की डैशबोर्ड रैंकिंग अपेक्षित स्तर से नीचे है, वे प्राथमिकता के आधार पर कार्य सुधार सुनिश्चित करें। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए भविष्य में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली को पूरी तरह लागू करने, लंबित पत्रावलियों के निस्तारण में तेजी लाने और आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रगति पर भी विशिष्ट चर्चा की गई।
निर्माण कार्यों की समीक्षा में मंडलायुक्त ने बताया कि आशिफबाग ओवरब्रिज लगभग पूर्ण हो चुका है, जबकि दो अन्य निर्माणाधीन सेतुओं को मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग को फरवरी 2026 तक पूरी तरह तैयार करने के निर्देश भी दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में उन्होंने कहा कि जहां कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को सुचारु पेयजल आपूर्ति मिल सके।
बैठक में स्वास्थ्य, दुग्ध, पर्यटन, शिक्षा, कृषि, उद्योग, खाद्य रसद, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पशुपालन और मत्स्य विभाग सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के पूर्व राजस्व कार्यक्रमों की समीक्षा और बैठक के बाद मंडलीय कानून-व्यवस्था की समीक्षा भी की गई।