जलालपुर अंबेडकर नगर। दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पाँच लाख रुपए हड़पने के आरोप में मालीपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के सैरपुर उमरन गांव का है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उसका रिश्तेदार दिनेश पुत्र दयाराम निवासी माजीसा (बरियावन), थाना सम्मनपुर, ने उसे और उसके भाई अरुण को दुबई भेजने का भरोसा दिया। इसी बहाने उसने वीजा और अन्य प्रक्रिया के नाम पर करीब पांच लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में वसूल लिए।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने विभिन्न मोबाइल नंबरों के माध्यम से पैसे मंगवाए और रोजगार वीजा दिलाने का दावा किया। लेकिन जब पीड़ित वीजा लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, तो चेकिंग स्टाफ ने बताया कि दिया गया वीजा रोजगार वीजा नहीं, बल्कि विजिटिंग वीजा है। इस पर विरोध जताने पर आरोपी ने आश्वासन दिया कि दुबई पहुंचने के बाद वीजा बदल दिया जाएगा। दुबई पहुंचने पर पीड़ित को एनपीसी टार्जन कंपनी में हेल्पर के पद पर मात्र 700 दिरहम मासिक वेतन की पेशकश की गई, जबकि हलफनामे में 1143 दिरहम वेतन का वादा किया गया था। कम वेतन पर नौकरी ठुकराने के बाद आरोपी ने घर बुलाने के नाम पर भी तीस हजार अतिरिक्त ले लिए। भारत लौटने के बाद जब पीड़ित और उसका भाई धन वापसी के लिए आरोपी से मिले, तो दिनेश ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर मालीपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।