अयोध्या । जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 की तैयारी के तहत पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण 2025 की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को ग्राम पंचायतवार डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन, फीडिंग तथा आयोग के पोर्टल पर अद्यतन जानकारी अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वेन्डर द्वारा पाण्डुलिपियों की डेटा एंट्री पूरी होने के बाद एसडीएम लॉगिन पर उसका समयबद्ध अनुमोदन सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ ऐप के माध्यम से की जा रही डेटा फीडिंग की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि 18 नवम्बर तक सभी कार्य त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निर्वाचन), उपजिलाधिकारी सदर, सोहावल, रूदौली, बीकापुर, तहसीलदार मिल्कीपुर तथा समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।