अंबेडकर नगर। जनपद में धान क्रय सत्र का शुभारंभ सोमवार को किया गया। उद्घाटन सिंसौली मंडी अकबरपुर परिसर में स्थापित खाद्य विभाग के धान क्रय केंद्र पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, सिंसौली मंडी अकबरपुर स्थित क्रय केंद्र पर कृषक शिव कुमार वर्मा ने 25 क्विंटल तथा मेहनूर ने 30 क्विंटल धान बेचकर इस सत्र की खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया। वहीं पीएनबी शाखा द्वारा संचालित जिला सहकारी संघ एवं सीएफसी केंद्र पर गुलाब देवी ने 40 क्विंटल धान की बिक्री कर खरीफ सत्र की शुरुआत की। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में स्थापित अन्य सभी धान क्रय केंद्रों पर आगामी दो दिनों के भीतर खरीद प्रारंभ कर दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने निकटतम क्रय केंद्र पर पंजीकरण कराकर अपना धान बेच सकते हैं। पंजीकरण के लिए खाद्य विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है। अधिकारी ने बताया कि जिले के कुल 7516 किसानों द्वारा पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया है, जिससे यह स्पष्ट है कि किसान खरीफ सत्र में धान विक्रय को लेकर उत्साहित हैं। इस अवसर पर अपर जिला खाद्य अधिकारी एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य पर किसानों से पारदर्शी तरीके से खरीद सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उन्हें उचित मूल्य का लाभ मिल सके।