अयोध्या। योगी सरकार की पहल पर बना भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम अब क्रिकेट के रोमांच से गूंजने वाला है। यहां अयोध्या प्रीमियर लीग (APL) का पहला सीजन 9 नवंबर से 26 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की देखरेख में किया जा रहा है।
APL टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें 8 टीमें भाग लेंगी। इन टीमों के नाम यूपी की प्रमुख नदियों पर रखे गए हैं — सरयू, गंगा, जमुना, बेतवा, हिंडन, चंबल, गोमती और मनोरमा। यह नामकरण यूपी की सांस्कृतिक और भौगोलिक पहचान को दर्शाता है।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव मोहम्मद उमेर अहमद ने बताया कि हर टीम में 16 खिलाड़ी होंगे, जिनमें 11 खिलाड़ी अयोध्या मंडल से और 5 अतिथि खिलाड़ी शामिल होंगे। खिलाड़ियों का चयन UPCA के अनुभवी चयनकर्ताओं द्वारा ट्रायल के माध्यम से किया गया है।
टूर्नामेंट में कुल 29 मैच खेले जाएंगे, जो कलर ड्रेस और सफेद गेंद से होंगे। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को 5.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
APL के आयोजन से अयोध्या के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह टूर्नामेंट न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा, बल्कि अयोध्या को खेल के नए केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगा।